मंगलवार, 11 अप्रैल 2017

घर में भी बिखर जाये बरसात के रंग



घर में भी बिखर जाये बरसात के रंग



घर में भी बिखर जाये बरसात के रंग
इंटीरियर डेकोरेशन में थोड़ा सा बदलाव लाकर आप बरकरार रख सकती हैं अपने घर-आंगन में मौसम का उल्लास।
बारिश की बूंदों की दस्तक के साथ ही मन खुशी से झूम उठता है। बूंदों के पड़ते ही पेड़-पौधों की पत्तियों पर जमी धूल हट जाती हैं और खिल जाती है चारों ओर हरियाली। उभर आता है फूलों का सौंदर्य। मौसम की खूबसूरती दिल लुभाती है, लेकिन घर के भीतर यह मौसम थोड़ी सी उदासी भर देता है। ऐसे में इंटीरियर डेकोरेशन में थोड़ा सा बदलाव लाकर आप बरकरार रख सकती हैं अपने घर-आंगन में मौसम का उल्लास।

रंगों का चुनाव
फिरोजी, पीला, गुलाबी, नारंगी, हरा इत्यादि रंग बरसात में खूब खिलते हैं। बरसात के मौसम में इन रंगों के साथ कुछ प्रयोग कीजिए।
फिरोजी
राजसी वैभव को प्रतिबिंबित करने वाला यह रंग बरसात के काफी करीब माना जाता है। कमरे की एक दीवार को इस रंग से हाईलाइटर के रूप में पेंट करें या फिर इस रंग के कुशन कवर, दरी, पर्दे, थ्रोस अपने घर में लगायें। यह कलर आपको सुकून देगा। आप इसे किसी और रंग के साथ कांबिनेशन में भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
पीला-नारंगी
ये दोनों रंग बेहद खास हैं। ये आपके कमरे में नयी जान डाल देंगे। खुशहाली, उत्साह व उम्मीद का प्रतीक है पीला रंग। वहीं नारंगी रंग में समाया है ऊर्जा व स्फूर्ति का अहसास। जीवन के प्रति उत्साह का संचार करते ये दोनों ही रंग ब्राइट रंगों की श्रेणी में आते हैं। इनका इस्तेमाल घर के माहौल में नया उत्साह भर देगा।
हरा रंग
हरा रंग बरसात के मौसम में सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। खुशहाली, विकास, समृद्धि व सद्भावना को प्रतिबिंबित करता हरा रंग प्रकृति के प्रति प्रेम जगाता है। इस मौसम में चारों तरफ आपको हरे रंग के भिन्न-भिन्न शेड्स दिखाई देते हैं। बाहर इन रंगों को देखने से ताजगी महसूस होती है। हमारा दिल करता है कि इन रंगों की ताजगी को घर के भीतर ले आएं। आप हरे रंग के अलग-अलग शेड्स का कांबिनेशन बना सकती हैं, जैसे पिस्ता कलर, टरक्वायज, एक्वा ग्रीन इत्यादि। डार्क ग्रीन के साथ आप कुछ पेस्टल शेड्स भी मिला सकती हैं।

सफेद रंग
सफेद रंग शुद्धता की पहचान है। सादगी व पूर्णता का अहसास उत्पन्न करते सफेद रंग का उपयोग करें, लेकिन इसके खालीपन को दूर करने के लिए आपको बेहद कलरफुल एक्ससरीज का इस्तेमाल करना चाहिए। कलरफुल कुशन कवर, चादर, पर्दे और आर्टिफिशियल फ्लावर्स का उपयोग इस लिहाज से अच्छा रहेगा।
जामुनी और गुलाबी

रचनात्मकता, ऐश्वर्य, स्थिरता, बुद्धिमत्ता, समर्पण, सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक जामुनी रंग मन में रोमांस जगाता है। वहींगुलाबी रंग में झलकते हैं प्रेम और करुणा के अहसास। अगर जामुनी के साथ गुलाबी रंग मिला लें, तो ये दोनों रंग आपको रोमांचित कर देंगे।
ब्लैक और गे्र कलर से बचें
यह रंग वार्म शेड्स की श्रेणी में आते हैं। बरसात में बादलों का रंग भी गहरा होता है। इस मौसम में इन रंगों के प्रयोग से माहौल थोड़ा उदासीन रहता है, इसलिए इनके इस्तेमाल से बचना चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें