सोमवार, 9 फ़रवरी 2015

कंप्यूटर की-बोर्ड

क्या आपने कभी अपने कंप्यूटर की-बोर्ड की सबसे ऊपरी लाइन गौर से देखी है? ऐसा नहीं लगता, जैसे सीधी-सी 12 खंभा रोड हो, F1 से लेकर F12 तक 12 पड़ाव वाली एक सीधी-सी रोड। ये 12 कुंजियां बड़े काम की हैं। इनकी मदद से कैसे आप कंप्यूटर पर तेजी से काम कर सकते हैं, बता रहे हैं बालेंदु शर्मा दाधीच:

कंप्यूटर की-बोर्ड पर सबसे ऊपर मौजूद F1 से लेकर F12 कुंजियों को 'फंक्शन की' कहते हैं। ये ऐसी कुंजियां हैं जिनसे कोई अक्षर टाइप नहीं होता। असल में इन्हें की-बोर्ड के जरिए कंप्यूटर या उसके ऑपरेटिंग सिस्टम को खास तरह के निर्देश देने के लिए बनाया गया है। आइए, देखते हैं कि आप इनका इस्तेमाल करके कैसे अपने कामकाज को ज्यादा तेज और स्मार्ट बना सकते हैं।
F1--- अगर कंप्यूटर को स्विच ऑन करते ही यह कुंजी दबा देंगे तो कंप्यूटर का सेटअप (CMOS) खुल जाएगा, जिसमें सेन्सिटिव कंप्यूटर सेटिंग्स को देखा या बदला जा सकता है।
- अगर आपने विंडोज़ खोल लिया है, तो इस कुंजी को दबाने पर विंडोज हेल्प एंड सपोर्ट डायलॉग खुलेगा, जिसमें सामान्य समस्याओं के समाधान दिखाए गए हैं।
- अगर आप इंटरनेट एक्सप्लोरर ब्राउजर में काम कर रहे हैं, तो यह कुंजी दबाने पर इस ब्राउजर का हेल्प पेज खुलेगा।
- क्रोम ब्राउजर में यही कुंजी दबाने पर गूगल क्रोम का हेल्प सेंटर खुल जाएगा।
- माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में कंट्रोल+F1 दबाने पर सॉफ्टवेयर फुल स्क्रीन मोड में चला जाएगा। फिर से दबाने पर दोबारा सामान्य हो जाएगा।
F2--- विंडोज में किसी फाइल, आइकन या फोल्डर पर क्लिक करने के बाद F2 दबाने पर उसे फौरन रीनेम किया जा सकता है।
- माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में कंट्रोल+F2 दबाने से प्रिंट प्रिव्यू पेज खुलेगा, जो दिखाता है कि आपका डॉक्युमेंट प्रिंट होने पर कैसा दिखेगा।
- माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में Alt+Control+F2 को दबाने पर फाइल ओपन डायलॉग बॉक्स खुल जाता है।
F3--- विंडोज में F3 दबाने से सर्च बॉक्स खुल जाता है, जिसका इस्तेमाल फाइलों या फोल्डरों को खोजने के लिए कर सकते हैं।
- माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में Shift+F3 दबाने पर अंग्रेजी का सलेक्ट किया हुआ मैटर अपर केस या लोअर केस में बदला जा सकता है।
- माइक्रोसॉफ्ट डॉस या कमांड प्रॉम्प्ट विंडो में F3 दबाने पर पहले टाइप की गई कमांड दोबारा टाइप हो जाती है।
F4
- विंडोज एक्सप्लोरर (कंप्यूटर, माइ कंप्यूटर वगैरह) में इसे दबाने पर अड्रेस बार खुल जाती है। इंटरनेट एक्सप्लोरर में भी वेबसाइट का पता डालने के लिए अड्रेस बार खुलती है।
- माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में यह कुंजी दबाने पर वही काम रिपीट हो जाएगा, जो आपने अभी-अभी किया था। अगर आपने कोई शब्द टाइप किया है, तो वह दोबारा टाइप हो जाएगा। टेबल बनाई है, तो एक और टेबल बन जाएगी। अगर कोई टेक्स्ट बोल्ड किया है तो वह फिर से सामान्य और फिर से बोल्ड हो जाएगा।
- Alt+F4 को दबाने पर वह सॉफ्टवेयर बंद हो जाएगा जो अभी खुला हुआ है।
- Control+F4 दबाने पर किसी सॉफ्टवेयर के भीतर खुली कई विंडोज में से मौजूदा विंडो बंद हो जाएगी। जैसे इंटरनेट एक्सप्लोरर में खुले कई टैब में से एक टैब बंद हो जाएगा या फिर वर्ड में खुले कई दस्तावेजों में से एक बंद हो जाएगा।
F5--- यह रिफ्रेश की के तौर पर काम करता है। विंडोज में कोई फोल्डर कॉपी होने के बाद दिखाई नहीं दे रहा, तो इसे दबाइए, दिखने लगेगा। इंटरनेट ब्राउजरों में दिख रहे वेब पेजों को रिफ्रेश या रिलोड करने के लिए यह बहुत इस्तेमाल होता है।
- माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में इसे दबाने पर Find and replace डायलॉग खुल जाता है।
- पावरपॉइंट में F5 दबाने पर स्लाइड शो चालू हो जाता है।
- माइक्रोसॉफ्ट एक्सेल में Shift+F5 दबाने पर Find and Replace सुविधा खुलती है।
- फोटोशॉप में इसे दबाने पर कई तरह के ब्रश सामने आ जाते हैं, जिनमें से अपनी पसंद का ब्रश चुना जा सकता है।
F6--- इसे दबाने पर विंडोज टास्कबार में खुले फोल्डरों की सामग्री दिखने लगती है।
- इंटरनेट ब्राउजर में इसे दबाने पर करसर अड्रेस बार में चला जाता है और आप फौरन वेब अड्रेस टाइप कर सकते हैं।
- अगर माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में कई डॉक्युमेंट खुले हैं, तो उन्हें एक-एक कर देखने के लिए Control+Shift+F6 का प्रयोग कर सकते हैं।
F7==- माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में कोई दस्तावेज टाइप करने के बाद अगर F7 दबाएंगे, तो उसकी स्पेलिंग चेक होनी शुरू हो जाएगी।
- इंटरनेट एक्सप्लोरर में इसे दबाने पर कैरट ब्राउजिंग सुविधा शुरू हो जाती है, जिसका इस्तेमाल कीबोर्ड के जरिए वेब पेजों पर टेक्स्ट सलेक्ट करने, आगे-पीछे जाने आदि के लिए किया जा सकता है।
F8--- अगर कंप्यूटर को स्टार्ट करते समय इसे दबा देंगे, तो ऑपरेटिंग सिस्टम को खोलने के लिए उपलब्ध कई मोड दिखाई देंगे, जिनमें सेफ मोड और कमांड प्रॉम्प्ट भी शामिल हैं।
- माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में Alt+F8 दबाने पर मैक्रो तैयार करने की सुविधा शुरू हो जाती है, जिसके जरिए बार-बार किए जाने वाले कामों को करने के लिए छोटे-छोटे स्थायी निर्देश रेकॉर्ड किए जा सकते हैं।
- माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में टेक्स्ट को सिलेक्ट करने के लिए F8 का इस्तेमाल किया जा सकता है।
F9--- माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक में ईमेल पाने-भेजने (सेंड-रिसीव) के लिए इसका इस्तेमाल करें।
- क्वार्क एक्सप्रेस में इसे दबाने पर मेजरमेंट टूलबार खुल जाता है।
- कुछ लैपटॉप में इसे दबाकर स्क्रीन की चमक (ब्राइटनेस) को कंट्रोल किया जा सकता है।
F10--- किसी सॉफ्टवेयर में काम करते हुए इस कुंजी को दबाने पर मेन्यू बार सक्रिय हो जाता है, जैसे आपने वहां क्लिक किया हो।
- Shift+F10 को एक साथ दबाने का ठीक वैसा असर होता है, जैसा माउस के राइट क्लिक का। किसी आइकन, फाइल या इंटरनेट एक्स्प्लोरर में किसी लिंक पर इन कुंजियों को दबाकर देखिए, कॉन्टेक्स्ट मेनू खुल जाएगा।
- Control+F10 का इस्तेमाल माइक्रोसॉफ्ट वर्ड की विंडो का आकार घटाने-बढ़ाने (मिनिमाइज- मैक्सिमाइज) करने के लिए किया जा सकता है।
F11--- इंटरनेट एक्सप्लोरर, क्रोम आदि ब्राउजरों में फुल स्क्रीन को सक्रिय-निष्क्रिय करने के लिए इसे आजमाएं।
- Alt+F11 को दबाने पर माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस के सॉफ्टवेयरों में विजुअल बेसिक कोड विंडो खुल जाती है, जिसका इस्तेमाल एक्सपर्ट यूजर करते हैं।
F12--- माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में इसे दबाने पर Save As.. डायलॉग बॉक्स खुलता है।
- Shift+F12 से माइक्रोसॉफ्ट वर्ड का डॉक्युमेंट सेव हो जाता है।
- Control+Shift+F12 से माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में खुला डॉक्युमेंट प्रिंट हो जाता है।

कार्य शैली ---कंप्यूटर

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।अगर आप कीबोर्ड पर काम करते वक्त बार-बार माउस या टचपैड पर हाथ ले जाना पसंद नहीं करते, तो हम आपको बता रहे हैं कुछ ऐसे कीबोर्ड शॉर्टकट्स, जो आपका काम आसान कर देंगे। कभी माउस के न होने (खराब होने) पर भी यह जानकारी आपके बहुत काम आएगी। आगे क्लिक करते जाइए और जानिए...
1. टैब को खोलना और बंद करना
अगर आप गूगल क्रोम या मोज़िला फॉयरफॉक्स जैसे ब्राउज़र के किसी टैब को बंद करना चाहते, तो Ctrl+W दबाएं। Ctrl+Shift+w दबाने से पूरी विंडो बंद हो जाएगी। अगर आपने गलती से कोई टैब बंद कर दिया है, तो परेशान न हों। केवल Ctrl+Shift+T दबाएं।
2. माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में फॉन्ट साइज घटाना या बढ़ाना
माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में काम कर रहे हैं, तो फॉन्ट घटाने-बढ़ाने के लिए माउस या टचपैड पर हाथ ले जाने की जरूरत नहीं है। फॉन्च साइज बढ़ाने के Ctrl+] और फॉन्ट साइज घटाने के लिए Ctrl+[ दबाएं।
[ जारी है ] 3. विंडो का साइज घटाना-बढ़ाना (ज़ूम आउट - ज़ूम इन करना)
अगर आपने ब्राउज़र खोला हुआ है और विंडो को ज़ूम आउट या ज़ूम इन करने की जरूरत है, तो Ctrl के साथ + साइन दबाकर ज़ूम इन और Ctrl के साथ - साइन दबाकर ज़ूम इन कर सकते हैं। अगर आप लैपटॉप इस्तेमाल कर रहे हैं या कीबोर्ड पर अल्फाबेट्स के ऊपर मौजूद बटन्स का इस्तेमाल कर रहे हैं तो आपको कंट्रोल के साथ शिफ्ट भी दबाना होगा।
4. विंडोज़ या ऐप्लिकेशन के बीच एक-दूसरे पर जाना
कई बार हम कई विंडो या ऐप्लिकेशन खोलकर काम करते हैं। हर बार दूसरे ऐप्लिकेशन या विंडो में जाने के लिए माउस पकड़ना परेशानी वाला काम लगता है। इसके लिए आप Alt+Tab का इस्तेमाल कर सकते हैं। विंडोज़ 7 और विंडोज़ 8 में आपको विंडोज़ बटन के साथ टैब बटन दबाना पड़ेगा।
5. फाइल्स डिलीट करना
जब आप फाइल्स डिलीट करते हैं, तो वह रीसाइकल बिन में जाती है और वहां से भी आपको डिलीट करना पड़ता है। अगर आप Shift+Delte का इस्तेमाल करेंगे, तो फाइल रीसाइकल बिन में नहीं जाएगी और वह पूरी तरह डिलीट हो जाएगी।
6. स्क्रीनशॉट लेना
कई बार आपको काम करते हुए स्क्रीनशॉट लेने की जरूरत महसूस होती है। डेस्कटॉप में प्रिंट स्क्रीन और लैपटॉप में Fn+Print Screen दबाएं और पेंट या फोटोशॉप में नई फाइल खोलकर पेस्ट कर दें।
7. वर्ड काउंट करना
माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में हम कई बार जानना चाहते हैं कि मैटर कितने शब्दों का है। इसके लिए एक टूल होता है वर्ड काउंट। लेकिन हम अक्सर भूल जाते हैं कि वर्ड काउंड कहां है। तो टेक्स्ट सिलेक्ट करिए और Alt+T दबाने के बाद W दबाइए।
8. सीधे होम स्क्रीन देखना
अगर आपने कई विंडो या ऐप खोले हैं और आपको अपनी स्क्रीन देखनी है, तो एक-एक करके सबको मिनिमाइज़ करने की जरूरत नहीं है। बस विंडोज़ बटन के साथ D दबाएं।
9. कंप्यूटर लॉक करना
अगर आप काम करने के बीच थोड़ी देर के लिए कहीं जा रहे हैं, खासतौर से ऑफिस में, तो अपना कंप्यूटर लॉक करके ही जाएं। इसके लिए विंडोज़ बटन के साथ L दबाएं।
10. सभी विंडोज़/ऐप्लिकेशन मिनिमाइज़ और मैक्सिमाइज़ करना
सभी विंडोज़/ऐप्लिकेशन को मिनिमाइज़ करने के लिए विंडोज़ बटन के साथ M दबाएं। सभी विंडोज़/ऐप्लिकेशन को मैक्सिमाइज़ करने के लिए विंडोज़ बटन के साथ शिफ्ट और M दबाएं।
मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।
क्या आपके मोबाइल फोन, टैबलट, लैपटॉप या कंप्यूटर की स्टॉरेज कम पड़ रही है? तेज रफ्तार इंटरनेट का एक फायदा यह भी हुआ है कि अब अपनी लोकल डिवाइस में ही सारा डिजिटल स्टॉरेज करने की जरूरत खत्म हो गई है। क्लाउड स्टॉरेज के पीछे यही आइडिया है। आप डेटा और मल्टिमीडिया फाइल्स को एक जगह रख सकते हैं और इसे कहीं से भी ऐक्सेस कर सकते हैं। ऐसे में अगर आपके कंप्यूटर में लिमिटेड स्टॉरेज है, तो आप आसानी से होम कंप्यूटर की सभी फाइलें बिना कोई सॉफ्टवेयर इंस्टॉल किए ऐक्सेस कर सकते हैं। आपकी मोबाइल डिवाइस (जिसमें लिमिटेड लोकल स्टॉरेज होती है) भी आपके होम पीसी की हार्ड ड्राइव को एक रिपॉजिटरी के तौर पर इस्तेमाल कर सकती है या आप ड्रॉपबॉक्स जैसे कन्वेंशनल क्लाउड स्टॉरेज सल्यूशंस का भी इस्तेमाल म्यूजिक स्ट्रीम करने या फोटो देखने के लिए कर सकते हैं। यहां आपके क्लाउड के बेहतर तरीके से इस्तेमाल के तरीके बताए जा रहे हैं। क्लाउड रिपॉजिटरी के पूरी तरह से इस्तेमाल और अपने घर के कंप्यूटर की हार्ड ड्राइव को कहीं से भी ऐक्सेस करने की सहूलियत के बारे में बता रहे हैं हितेश राज भगत और करण बजाज...
अपने पीसी को पर्सनल क्लाउड के तौर पर इस्तेमाल करें
इसके लिए आपको अपने कंप्यूटर के रिमोट ऐक्सेस सेटअप की जरूरत होगी, जो आसान काम है। एक छोटे से सर्वर ऐप्लिकेशन को होम कंप्यूटर में इंस्टॉल करना होगा। logmein.com आपको फ्री सर्वर सॉफ्टवेयर प्रवाइड कराता है। सर्वर के रन करने पर आपको इस पर वेब ब्राउजर के जरिए लॉगइन करना होगा। इसके बाद आप रिमोट जगह पर रहते हुए भी अपने होम सिस्टम को कंट्रोल कर पाएंगे और प्रोग्राम रन कर पाएंगे और फाइल्स को ट्रांसफर कर पाएंगे। आप नेटवर्क कनेक्टेड हार्ड ड्राइव खरीद कर भी अपनी फाइल्स ऐक्सेस कर सकते हैं।
अपने फोन के जरिए डेटा ऐक्सेस करें
अगर आप वेब ब्राउजर की बजाय अपने मोबाइल/टैबलट के कॉन्टेंट को ऐक्सेस करने के लिए एक डेडिकेटेड जरिया चाहते हैं, तो ऐसे कई फ्री ऐप्स हैं, जो इस बारे में आपकी मदद कर सकते हैं। ब्राउजर मेथड में इन ऐप्स को एक सर्वर सॉफ्टवेयर को आपके होम पीसी में इंस्टॉल करने की जरूरत होती है। टोनिडो एक फ्री ऐप है, जो वाई-फाई और 3जी दोनों पर बढ़िया तरीके से काम करता है। http://www.tonido.com/ पर जाकर डेस्कटॉप सर्वर सॉफ्टवेयर डाउनलोड कीजिए। एक बार आप अपने होम कंप्यूटर से ऐप को लिंक कर लेते हैं, तो फिर दुनिया के किसी भी कोने में आप चले जाएं, वहां से आप अपने फोन पर कंप्यूटर की फाइल्स को ऐक्सेस कर पाएंगे। इसी तरह का एक और ऐप पोलकास्ट (http://www.polkast.com/) है।
अपने फोन से म्यूजिक स्ट्रीम करें
हालांकि आप टोनिडो जैसे ऐप्स के जरिए ऑडियो और विडियो फाइल्स को रिमोट मोबाइल डिवाइस पर स्ट्रीम करा सकते हैं, लेकिन फाइल कनवर्जन का अभाव आपको लंबा इंतजार करवा सकता है। अगर ऑडियो स्ट्रीमिंग आपकी प्रायॉरिटी है तो फ्री सबसोनिक ऐप (http://www.subsonic.org/) का इस्तेमाल कीजिए। आप विंडोज, मैक या लाइनक्स के लिए डेस्कटॉप सॉफ्टवेयर पा सकते हैं। इसमें कुछ वक्त लगेगा क्योंकि आपको पहले एक अकाउंट क्रिएट करना होगा और शेयर किए जाने वाले फोल्डर्स बनाने होंगे। आपको एक वेब सर्वर का कस्टम नाम भी प्रवाइड करना होगा। एक बार यह सब कर लेने के बाद एप आपके कंप्यूटर में मौजूद सभी म्यूजिक फाइल्स को दिखाएगा, फिर चाहे आप दुनिया के किसी भी हिस्से में क्यों न हों, हां बस एक इंटरनेट कनेक्शन आपको जरूरी होगा।
अपने ड्रॉपबॉक्स को सुपरचार्ज कीजिए

ड्रॉपबॉक्स से केवल ऑनलाइन फाइल स्टॉरेज के अलावा भी बहुत कुछ किया जा सकता है। कुछ ऐड-ऑन्स के साथ आप अपने ड्रॉपबॉक्स स्टॉरेज को कई चीजों के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। मिसाल के तौर पर, अगर आपकी कुछ म्यूजिक फाइल्स इसमें स्टोर्ड हैं, तो आप ड्रॉपट्यून्स के जरिए इन्हें स्ट्रीम करा सकते हैं। http://droptunes.com पर जाइए और अपने ड्रॉपबॉक्स अकाउंट से साइन इन कीजिए। आप अपनी सभी फाइल्स को वेब ब्राउजर के जरिए ऐक्सेस कर सकते हैं और फाइल्स को बिना स्ट्रीम किए हुए प्ले कर सकते हैं। ड्रॉपबॉक्स के साथ आप फाइल कनवर्जन और ट्रांसफर जैसे बोरिंग काम भी आसानी से कर सकते हैं।


गुरुवार, 15 जनवरी 2015

मकर संक्रांति-2015

नववर्ष 2015 की मकर संक्रांति हाथी पर सवार होकर गर्दभ उपवाहन के साथ मुकुट का आभूषण पहनकर पशु जाति की मकर संक्रांति गोरोचन का लेप लगाकर लाल वस्त्र और बिल्वपत्र की माला पहनकर हाथ में धनुष धारण कर हाथ में लोहे का पात्र लिए दुग्धपान करती हुई प्रौढ़ावस्था में रहेगी।


 इस वर्ष सूर्य मकर राशि में 14 जनवरी को सूर्यास्त के बाद शाम 7 बजकर 27 मिनट पर प्रवेश करेगा। संक्रांति का पुण्यकाल 14 जनवरी की दोपहर 1 बजकर 3 मिनट पर प्रारंभ होगा, जो अगले दिन 15 जनवरी को 11 बजकर 27 मिनट तक रहेगा। संक्रांति के बाद स्नान, दान और पूजा का महत्व है।
 हिन्दू संस्कृति को त्योहारों, परंपराओं, मान्यताओं का देश माना जाता है। इन्हीं बातों के कारण हमारी सांस्कृतिक विरासत आज भी सर उठाए खड़ी है। अंग्रेजी नववर्ष के प्रारंभ होते ही देश में संक्रांति के महान पर्व का आगाज हो रहा है। दीपावली, होली के समान मकर संक्रांति ऐसा दिव्य पर्व है जिसे पूरे देश में अलग-अलग तरह और नाम से एकसाथ मनाया जाता है। इस बार मकर संक्रांति किस रूप में आपके और देश के लिए क्या क्या लेकर आ रही है,
क्यों मनाई जाती है मकर संक्रांति?
 भगवान भुवन भास्कर के धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करने को मकर संक्रांति कहते हैं। पूरे वर्ष में 12 संक्रांतियां होती हैं। जब मेष, वृषभ आदि राशि में भगवान सूर्य प्रवेश करते हैं तो उसे ही मेषादि संक्रांति कहा जाता है, लेकिन सबसे ज्यादा मकर संक्रांति का महत्व होता है। इसे उत्तरायन भी कहा जाता है, क्योंकि इस दिन से सूर्य आने वाले 6 माह के लिए उत्तरायन हो जाते हैं। शास्त्रों में उत्तरायन को देवताओं का दिन माना जाता है और कर्क संक्रांति के बाद के 6 माह को दक्षिणायन कहा जाता है, जो देवताओं की रात मानी जाती है। जबकि मान्यता है कि दक्षिणायन पितरों का दिन होता है और उत्तरायन पितरों की रात होती है। सूर्य के मकर राशि में आने के बाद दिन बड़े होने लगते हैं, नए प्रकाश का उदय होता है, प्रकाश उन्नति, जीवंत शक्ति, सकारात्मकता का प्रतीक होने से इसका महत्व बहुत ज्यादा होता है। यही बेला होती है, जब शिशिर ऋतु की विदाई और वसंत का आगमन होता है।मकर संक्रांति का पौराणिक महत्व-


 भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की जानकारी हमें वैदिक काल से मिलती है। फिर भी पुराणों व शास्त्रों में कई ऐसे उदाहरण मिलते हैं जिससे मकर संक्रांति के महत्व को आसानी से समझा जा सकता है-
 भागवत पुराण, देवी पुराण के मुताबिक मकर संक्रांति ही वह महान पर्व होता है, जब भगवान सूर्य स्वयं अपने पुत्र शनि के घर उनसे मिलने जाते हैं। मान्यता है कि पिता और पुत्र में आपसी शत्रुता है और जैसे दिन का कारक SURY को मानते हैं वैसे ही रात का कारक शनि को माना जाता है इसलिए मकर संक्रांति को शनि की राशि मकर में सूर्य के आने को दैवीय समय माना जाता है।
 2. मकर संक्रांति का महत्व इस बात से पता चलता है कि इच्छामृत्यु प्राप्त भीष्म पितामह ने अपने प्राणों को त्यागने के लिए उत्तरायन का इंतजार किया था। बाणों की शय्या पर सोए भीष्म ने उत्तरायन आने पर माघ अष्टमी पर अपने प्राण त्यागे थे। उत्तरायन में प्राण त्यागने के महत्व पर गीता में कहा गया-
 अग्निज्योर्तिरह: शुक्लम्, षष्मासा उत्तरायनम्।
तत्र प्रयाता गच्छन्ति, ब्रह्म ब्रह्मविदोजना:।।
 अर्थात जब सूर्य उत्तरायन होता है, दिन के समय ब्रह्म को जानने वाले योगी अपने प्राणों का त्याग करते हैं तो ब्रह्म को प्राप्त करते हैं।
 3. ब्रह्मांडपुराण में बताया गया है कि मकर संक्रांति को पुत्र की इच्छा रखने वाली स्त्री को दान करने का अनंत फल मिलता है। ब्रह्मांडपुराण के अनुसार यशोदा ने इस दिन ताम्बूल का दान किया था इसलिए इन्हें कृष्ण के समान सुपुत्र प्राप्त हुआ।
 4. मकर संक्रांति पर गंगासागर का विशेष महत्व होता है। कहते हैं भागीरथ ने कठिन तपस्या करके गंगा को प्रसन्न किया और गंगा की जटा से निकलने के बाद अपने पीछे-पीछे चलने का आग्रह किया। मकर संक्रांति पर ही भागीरथ गंगा को लेकर कपिल मुनि के आश्रम पहुचे थे, जहां राजा सगर के 60 हजार पुत्रों को तारना था।
 आज भी सबसे ज्यादा महत्व गंगासागर में स्नान करने का होता है। कहते हैं- 'सारे तीरथ बार-बार, गंगासागर एक बार।' इस दिन गंगा स्नान का विशेष महत्व होता है। इलाहाबाद में 1 माह का माघ मेला इसी दिन प्रारंभ होता है।
इस वर्ष मकर संक्रांति के समय स्वाति नक्षत्र और तुला राशि रहेगी जबकि लग्न कर्क रहेगा। इस साल की संक्रांति के फलस्वरूप लाल रंग के वस्त्र, लाल वस्तुएं, अष्टगंध, दूध-दही, चांदी, चावल, लोहा, स्टील, इस्पात, पेट्रोलियम, सूखे मेवे, मसाले, रस, खाद्यान्न के भावों में तेजी आएगी। कर्क लग्न में गुरु उच्च के और सप्तम में बुध, शुक्र होने से वाणिज्य-व्यापार, आयात-निर्यात, विदेशी व्यापार पर वृद्धि और लाभ होगा
 मकर संक्रांति का जानिए 12 राशियों पर प्रभाव
मेष : धनलाभ, सम्मान, कार्यस्थल में कष्ट।
वृषभ : पराक्रम में वृद्धि, धार्मिक यात्रा, तनाव।
मिथुन : धनलाभ, रुका पैसा मिलेगा, शारीरिक पीड़ा।
कर्क : दांपत्य कष्ट, चिड़चिड़ापन, सिरदर्द।
सिंह : शत्रु विजय, स्वास्थ्य चिंता, अचानक धन खर्च।
कन्या : संतान कष्ट, लाभ, समृद्धि।
तुला : वाहन कष्ट, आर्थिक लाभ, कार्यस्थल में परेशानी।
वृश्चिक : भाई-बंधुओं में विवाद, चिंता, धार्मिक यात्रा।
धनु : धन, कुटुम्ब सुख, मानसिक तनाव।
मकर : तनाव, चिड़चिड़ापन, लाभ, दांपत्य कष्ट।
कुंभ : चिंता, शारीरिक पीड़ा, पदोन्नति।

मीन : लाभ के योग, संतान कष्ट, पेट में पीड़ा।